पीएम मोदी ने ट्रंप के सामने उठाया भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा, जानें पीएम ने क्या कहा

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और समुद्री व्यापार पर उसके बढ़ते असर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन में भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वैश्विक समुद्री व्यापार को सुरक्षित बनाए रखना और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पूरी दुनिया की साझा जिम्मेदारी है। फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 नेताओं के उच्चस्तरीय सत्र के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात उस समय कही जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता मौजूद थे। यह सत्र ‘नई साझेदारियां विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को मजबूत करने’ विषय पर केंद्रित था।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों की दिशा में हुई प्रगति का स्वागत किया, लेकिन साथ ही क्षेत्र में जारी संघर्षों से हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “हम पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के प्रयासों में हुई प्रगति का स्वागत करते हैं। इस संघर्ष के कारण क्षेत्र के हमारे मित्र देशों में जान-माल का नुकसान हुआ है। होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले समुद्री व्यापार में आई बाधाओं का वैश्विक अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल की घटनाओं में कई भारतीय नागरिकों ने भी अपनी जान गंवाई है। उन्होंने कहा, “कई भारतीय नागरिकों की भी मृत्यु हुई है। वैश्विक समुद्री व्यापार के जरिए देशों को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि समुद्री मार्ग सुरक्षित रहें और नाविक बिना किसी भय के अपना काम कर सकें।”

Must Read

Latest