सेशेल्स के सर्वोच्च सम्मान से पीएम मोदी को किया गया सम्मानित, पीएम मोदी बोले- भारत के 1.4 अरब लोगों के लिए गर्व की बात 

प्रधानमंत्री मोदी को सेशेल्स के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ (Guardian of the Blue Horizon) से नवाजा गया। इस ऐतिहासिक पल पर आभार जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान मिलना मेरे और भारत के 1.4 अरब लोगों के लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मैं इस सम्मान को उन सभी देशों को समर्पित करता हूं जो जलवायु परिवर्तन की मार झेल रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पीएम मोदी ने कहा, “यात्रा बेहद खास वक्त पर हो रही है, क्योंकि सेशेल्स अपनी आजादी के 50 साल पूरे कर रहा है, वहीं भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की भी यह 50वीं वर्षगांठ है। इन पांच दशकों में दोनों देशों ने दोस्ती को अटूट भरोसे में और सहयोग को जन-कल्याण में बदला है। सदियों से हिंद महासागर ने दोनों देशों के व्यापार, संस्कृति और मानवीय रिश्तों को सींचा है।”

तकनीकी क्रांति के क्षेत्र में भारत ने सेशेल्स के साथ एक बड़ा करार किया है। पीएम मोदी ने एलान किया कि अब सेशेल्स में भी भारत का डिजिटल पेमेंट सिस्टम UPI लागू होगा, जिसके लिए दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण सहमति पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके अलावा दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी विशेष चर्चा हुई, जिससे पूर्वी अफ्रीका और हिंद महासागर क्षेत्र के साथ व्यापारिक संबंधों को नई ताकत मिलेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ पैट्रिक हर्मिनी ने भारत को एक सच्चा और संकट का साथी बताया। उन्होंने भारत की मदद से बने प्रोफेशनल और टेक्निकल एजुकेशन सेंटर के उद्घाटन को एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। राष्ट्रपति हर्मिनी ने कहा, “यह प्रोजेक्ट हमारे युवाओं को वर्ल्ड-क्लास वोकेशनल ट्रेनिंग देगा। इस क्रांतिकारी मदद के लिए हम पीएम मोदी और भारत के आभारी हैं। आज हुए इन समझौतों से विदेश सेवा, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग का एक नया अध्याय शुरू होगा। इस उच्च-स्तरीय बातचीत ने भारत-सेशेल्स की रणनीतिक और द्विपक्षीय यात्रा को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।”

Must Read

Latest