‘ट्रंप और पीएम मोदी के बीच करीबी संबंध’, अमेरिकी विदेश मंत्री ने क्या कहा?

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को एक प्रभावशाली वैश्विक शक्ति बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की है। राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी और शीर्ष राजनयिक ने आगे कहा कि ट्रंप और पीएम मोदी के बीच बहुत करीबी संबंध हैं।

व्हाइट हाउस में आईएएनएस को दिए एक खास इंटरव्यू में रुबियो ने कहा, “भारत, अमेरिका का बहुत करीबी पार्टनर और सहयोगी है और प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के बीच संबंध इससे बेहतर नहीं हो सकते। मुझे लगता है कि कूटनीति में यह बहुत अहम है।”

रूबियो ने कहा कि ट्रंप प्रशासन प्रधानमंत्री मोदी का बहुत सम्मान करता है और भारत को अमेरिका का सबसे करीबी रणनीतिक साझेदार माना जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा, “हम प्रधानमंत्री मोदी और उनके किए गए कामों के बहुत बड़े प्रशंसक हैं।”

रूबियो ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत जबरदस्त आर्थिक तरक्की कर रहा है और एक ऐसी वैश्विक ताकत के तौर पर उभर रहा है, जिसकी वैश्विक फैसले लेने में अब ज्यादा अहमियत है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया में भारत का बढ़ता प्रभाव नई दिल्ली और वॉशिंगटन के रिश्तों को मजबूत बना रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के साझा मूल्यों और हितों ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया है।

Must Read

Latest