राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला चल रहा है। जैसे ही मामला सामने आया, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एसआईटी गठित कर दी और 15 दिन के अंदर रिपोर्ट आ गई। आठ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है और ट्रस्ट से दो सदस्यों का इस्तीफा भी हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर समाचार चैनल इंडिया टीवी पर डिबेट चल रही थी, जिसमें बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने विपक्ष को एक्सपोज कर दिया।
प्रदीप भंडारी ने कहा, “आज तक इतिहास में कभी भी 5 दिन के अंदर ऐसे मामलों में एसआईटी गठित नहीं की गई और 15 दिन के अंदर रिपोर्ट आ गई हो। SIT में जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर करने की बात की गई, उन्हें गिरफ्तार किया गया। ट्रस्ट से भी इस्तीफा हो गया। अब आप याद करिए सबरीमाला का मामला जहां पर कोई भी एसआईटी गठित नहीं की गई। एक बार, दो बार नहीं, तीन बार हजारों किलो सोना लूट गया, हाई कोर्ट ने एसआईटी गठित करने के लिए कहा। उसके बाद एसआईटी गठित हुई और आज तक कोई फाइनल रिपोर्ट नहीं लगी है। कांग्रेस, वामपंथी और सपा वालों का यह शासन रहा है।”
प्रदीप भंडारी ने कहा कि हमारी मंशा हमेशा से साफ रही। उन्होंने कहा, “हम कोई चुनावी राम भक्त नहीं है बल्कि हम पीढिय़ों सदियों से राम भक्त हैं। विपक्ष के लोग ऐसा काम कर रहे हैं जैसे रावण ने साधु का भेष बनाकर माता सीता का अपहरण किया था, उसी तरह चुनावी हिंदू बनकर विपक्ष के लोग आज बातें कर रहे हैं।”
प्रदीप भंडारी ने लाइव डिबेट में आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल का वीडियो भी दिखाया, जिसमें केजरीवाल कह रहे हैं कि मेरी नानी कहा करती थी मस्जिद की जगह पर मंदिर न बने। प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर बनाने में कितना योगदान दिया? हमारे ऊपर भरोसा रखिए हम उन्हें पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे जिन्होंने गलती की है, यह सपा की नहीं बल्कि भाजपा की सरकार है।
