प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा और पंजाब दौरे के दौरान देशभर के 261 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भारतीय रेलवे के इतिहास में मील का पत्थर माना जा रहा है। इन स्टेशनों का कायाकल्प केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इन्हें एक विशेष विजन के साथ तैयार किया गया है।
इन स्टेशनों के डिजाइन को स्थानीय संस्कृति, इतिहास और उस क्षेत्र की वास्तुकला का विशेष ध्यान रख कर बनाया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि हर स्टेशन केवल यात्रियों के आवागमन का साधन न हो, बल्कि वह अपने राज्य और क्षेत्र की अनूठी पहचान और विरासत का प्रतीक भी बने।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को विकास की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। 17 जुलाई का दिन भारतीय रेलवे के लिए एक नए युग की शुरुआत जैसा होगा, जहां तकनीक और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
