प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जुलाई के आखिरी रविवार यानी आज ‘मन की बात’ की। देश दुनिया में चर्चित इस रेडियो कार्यक्रम का यह 136वां एपिसोड था। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी युवाओं को लेकर प्रेरणादायक बातें करते हैं। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि हमारी जिंदगी में कुछ तारीखें ऐसी होती हैं जिन्हें याद करने के लिए हमें कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं होती।
पीएम मोदी ने कहा, “आज 26 जून ऐसी ही एक तारीख है। आज कारगिल विजय दिवस है। यह दिन हमें गर्व से भर देता है। यह दिन हमें हमारे बहादुर सैनिकों के असाधारण साहस की याद दिलाता है। कारगिल की ऊंची चोटियां, खराब मौसम, दुश्मन की चुनौती, हमारे सैनिकों ने हर हालात का सामना किया। फिर भी उनका हौसला किसी भी चुनौती से ज़्यादा था। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। आज, कारगिल विजय दिवस पर, मैं सभी बहादुर शहीदों और बहादुर सैनिकों को दिल से श्रद्धांजलि देता हूं।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “इस साल एक खास ‘शौर्य विजय यात्रा’ का आयोजन किया गया है। यह मोटरसाइकिल यात्रा, जो 14 जुलाई को दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल से शुरू हुई थी। द्रास में कारगिल वॉर मेमोरियल तक जाएगी। इसका संदेश है- ‘वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट.’ यह यात्रा हमें याद दिलाती है कि देश के लिए दिए गए बलिदानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कुछ दिन पहले आईएनएस महेंद्रगिरी को इंडियन नेवी में शामिल किया गया। यह मॉडर्न वॉरशिप भारत में ही डिजाइन और बनाया गया है। इसमें 75फीसदी से ज़्यादा स्वदेशी कंटेंट का इस्तेमाल हुआ है। यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ की बढ़ती ताकत का प्रतीक है। इसी महीने डीआरडीओ ने पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का भी सफल टेस्ट किया। यह सफलता हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की मिली-जुली कोशिशों का नतीजा है। अभी 2-3 दिन पहले ही डीआरडीओ ने कुशा मिसाइल का भी सफल टेस्ट किया है।”
