झारखंड में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। नौकरी में पारदर्शी प्रक्रिया की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। रांची में हजारों की संख्या में छात्र धरने पर बैठे हैं तो वहीं झारखंड के अलग-अलग जगह पर करीब 2 लाख छात्र न्याय मांग रहे हैं। प्रदीप भंडारी ने उन नेताओं से जवाबदेही की मांग की जो जंतर मंतर पर छात्रों की बात कर रहे थे।
प्रदीप भंडारी ने पूछा, “2 लाख से अधिक छात्र झारखंड में न्याय मांग रहे हैं। छात्र कह रहे हैं कि हमको कोई सुनता नहीं है। जो लोग जंतर मंतर पर मार्च की बात कर रहे थे, वह सब शांत हैं। राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल सब शांत हैं। छात्रों की बात करना तो छोड़िए सबके मुंह पर दही जम गया है। कोई अब शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं मांग रहा है।”
प्रदीप भंडारी ने आगे कहा, “झारखंड में पिछले 7 सालों में 7 से अधिक पेपर लीक हुए हैं और कोई भी शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं मांग रहा है। बात सिर्फ झारखंड की नहीं है बल्कि पंजाब की भी है। पंजाब में भी छात्र न्याय की मांग कर रहे हैं। पेपर लीक के कारण छात्र परेशान हैं लेकिन कोई इस्तीफा नहीं मांग रहा है। पंजाब में पिछले 1 साल में 6 से अधिक पेपर लीक हुए हैं। अभी हाल ही में फार्मेसी का पेपर लीक हुआ है, जिसको लेकर छात्र न्याय की मांग कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान खुद 2023 में स्वीकार कर रहे हैं कि पेपर लीक होना आम बात है।”
प्रदीप भंडारी ने कहा कि देश के शिक्षा मंत्री ने जवाबदेही मानते हुए इस्तीफा दे दिया लेकिन जो जंतर मंतर पर इस्तीफा मांग रहे थे, छात्रों की बात कर रहे थे वह अचानक शांत क्यों हो गए हैं? प्रदीप भंडारी ने पूछा, “राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल फ्लाइट लेकर झारखंड जाएंगे? आज देश का युवा देख रहा है यह लोग गिद्ध की राजनीति कर रहे हैं। राहुल, अखिलेश और अरविंद केजरीवाल छात्र विरोधी राजनीति कर रहे हैं।”
