पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी चलाएगी 1 महीने का सेवा अभियान, जानिए क्या होगा खास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए सरकार की मुख्य कल्याणकारी योजनाओं और पीएम मोदी के 25 सालों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत 13 मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन के महाकाल महालोक समेत देश भर में दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम किया जाएगा। विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम के तहत बच्चों के लिए ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और लाभार्थी माताओं का सम्मान, साथ ही पोषण योजनाओं पर संवाद कार्यक्रम किया जाएगा।

विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसके तहत इन्फ्लुएंसर्स के जरिए विकास से जुड़े प्रमुख स्थलों की जमीनी कहानियों को देश तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जाएगा, इसके तहत स्थानीय स्तर जनभागीदारी यात्राएं निकाली जाएंगी।

वडनगर से वाराणसी तक जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत वडनगर से वाराणसी के बीच अलग-अलग रास्तों से जनसंवाद किया जाएगा और इसके साथ ही रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण और डिजिटल साक्षरता जैसे सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। बता दें, 17 अक्टूबर को जब इस अभियान का समापन होगा, उस दिन जनसेवक महाकुंभ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश भर के जन प्रतिनिधि जुटेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान ‘वेंदे मातरम्’ के पूरे छह छंदो का समूहिक गायन किया जाएगा और इस गायन से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Must Read

Latest