भारत के नेतृत्व में नई दिल्ली में ‘क्वाड’ देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री हयाशी योशिमासा ने बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक के बाद क्वाड देशों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि हमारी आज की बैठक एक मुक्त और खुले इंडो पैसिफिक के लिए क्वाड देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है, जो कि समावेशी और लचीला है।
वहीं इस बैठक के बाद ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि हमारी बैठक बहुत अच्छी रही। उन्होंने कहा, “मैं डॉ. एस. जयशंकर को हमारी मेजबानी करने के लिए धन्यवाद देती हूं। रायसीना डायलॉग में बात करने के लिए क्वाड सदस्यों के लिए यह एक अच्छा अवसर था।”
Began the day by meeting my Quad counterparts @SenatorWong , Yoshimasa Hayashi and @SecBlinken.
Reaffirmed that the Quad is ‘for’, not ‘against’. And for an inclusive,resilient, free and open Indo-Pacific.
Our joint statement: https://t.co/uLPBGYsMZe pic.twitter.com/DjLjZ1DSXK
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) March 3, 2023
वहीं अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि आज दिल्ली में क्वाड साथियों के साथ मिलकर अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि हम मानते हैं कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र 21वीं सदी में दुनिया की दिशा तय करेगा और इसकी शांति, स्थिरता और बढ़ती समृद्धि की रक्षा के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
संयुक्त बयान में कहा गया, “हम मानते हैं कि समुद्री क्षेत्र में शांति और सुरक्षा भारत-प्रशांत क्षेत्र के विकास और समृद्धि का आधार है, और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप संप्रभुता के सम्मान के महत्व को दोहराते हैं। हम दक्षिण और पूर्वी चीन सागर सहित समुद्री नियम-आधारित व्यवस्था के लिए चुनौतियों का सामना करने के लिए समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (यूएनसीएलओएस) में परिलक्षित अंतर्राष्ट्रीय कानून के पालन के महत्व को दोहराते हैं।”
