Voice Of The People

सेंगोल पर कांग्रेस के दावों पर स्मृति ईरानी का पलटवार; बोलीं- भारत की लोकतांत्रिक आजादी का प्रतीक है सेंगोल

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार, 26 मई को गांधी परिवार पर हमला बोला। दरअसल नए संसद भवन उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिस तरह से कांग्रेस समेत 21 विपक्षी दल विरोध जता रहे हैं, उस पर स्मृति ईरानी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि गांधी परिवार के लिए राजनीति का मतलब परिवारनीति है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने सेंगोल को लेकर विपक्षी दलों की आपत्ति पर भी अपनी राय रखी।

स्मृति ईरानी ने कहा कि सेंगोल धर्म का दंड है। यह भारत की लोकतांत्रिक आजादी का प्रतीक है। इसे गांधी खानदान ने नेहरू की एक छड़ी के रूप में बताकर म्यूजियम के एक कोने में रखा। सेंगोल का अपमान देश का अपमान है।

मीडिया से बात करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि आपने मुझसे सेंगोल को लेकर प्रश्न पूछा, यह भारत के स्वर्णिम इतिहास का एक विशिष्ट अंग है, उसे गांधी खानदान ने एक म्यूजियम के अंधेरे कोने में नेहरू की छड़ी के रूप में सालों तक रखा था। मैं आज भारत के हर नागरिक से पूछती हूं कि धर्म, आस्था, लोकतंत्र के एक विशिष्ट प्रमाण को वॉकिंग स्टिक बताना, क्या यह नहीं बताता कि गांधी खानदान की हमारे देश और उसके इतिहास को लेकर क्या सोच है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा नए संसद भवन के उद्घाटन का विरोध करना हमारे लिए कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बात को आज भी स्वीकार नहीं कर पाई कि उसके राज में भारत की जीडीपी 111 लाख करोड़ के आसपास थी लेकिन आज मोदी सरकार में जीडीपी 272 लाख करोड़ से ज्यादा हो गई। यह कांग्रेस के लिए दुखद है।

SHARE

Must Read

Latest