Voice Of The People

दिल्ली के आरके पुरम में हुए डबल मर्डर पर केजरीवाल के सवालों पर मीनाक्षी लेखी का पलटवार; बोली- केजरीवाल के विधायक दिल्ली दंगे में शामिल थे

दिल्ली के आरके पुरम शूटिंग की घटना के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई अपराध होने के बाद शुरू होती है। अपराध होते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी और एफआईआर दर्ज़ हो गई है। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, दोनों महिलाओं के परिवारों के साथ हमारी संवेदनायें। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। दिल्ली के लोग अपने आपको बहुत असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। जिन लोगों को दिल्ली की क़ानून व्यवस्था सँभालनी है, वो क़ानून व्यवस्था ठीक करने के बजाय पूरी दिल्ली सरकार पर क़ब्ज़ा करने के षड्यंत्र कर रहे हैं। आज अगर दिल्ली की क़ानून व्यवस्था एलजी की बजाय आप सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती।

अब दिल्ली से भाजपा सांसद मिनाक्षी लेखी ने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जो दिल्ली दंगों में शामिल थे। मीडिया से बातचीत में मिनाक्षी लेखी ने कहा, ‘मैं दिल्ली की जनता को याद दिलाना चाहती हूं कि केजरीवाल जी वहीं लोग हैं जिनके विधायक ने दंगा करवाया था। यहां तक कि आईबी अफसर अंकित की हत्या के भी जिम्मेवार लोग हैं।

आरके पुरम थाना क्षेत्र के आंबेडकर बस्ती इलाके में अज्ञात हमलावरों ने दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान पिंकी (30) और ज्योति (29) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि हमलावर मुख्य रूप से पीडि़ता के भाई के लिए आए थे। पैसे के लेन-देन पर यह हत्या हुई है। दिल्ली पुलिस ने पिंकी और ज्योति की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। इन दोनों को मुख्य शूटर माना जा रहा है। पुलिस ने 3 लोगों अर्जुन, माइकल और देव को गिरफ्तार किया है।

SHARE

Must Read

Latest