Voice Of The People

बीजेपी की 6 महीने लंबी पदयात्रा को हरी झंडी दिखाने मदुरै पहुंचे अमित शाह, अन्नामलाई करेंगे यात्रा की अगुआई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को मदुरै पहुंचे हैं। शाह यहां रामेश्वरम में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई की छह महीने लंबी राज्यव्यापी पदयात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

भाजपा के मुताबिक उद्घाटन समारोह शुक्रवार शाम को होगा। के. अन्नामलै शनिवार सुबह से अपनी यात्रा शुरू करेंगे। एन मन, एन मक्कल’ जिसका अर्थ है ‘मेरी भूमि, मेरे लोग’ नाम की पदयात्रा राज्य की सभी 234 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। भाजपा को उम्मीद है कि यह यात्रा राज्य में उसकी किस्मत के लिए गेम चेंजर साबित होगी।

जब से आईपीएस अधिकारी से राजनेता बने अन्नामलाई भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, तब से वह सत्तारूढ़ पार्टी द्रमुक के खिलाफ आक्रामक कदम उठा रहे हैं। उन्होंने डीएमके और उसके वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के खुलासे किए हैं। इसमें मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के कथित भ्रष्टाचार का खुलासा भी शामिल है।

यह यात्रा तमिलनाडु के सभी 39 लोकसभा क्षेत्रों को कवर करेगी और 2024 के आम चुनावों से पहले 11 जनवरी, 2024 को समाप्त होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष 1,770 किमी की पैदल यात्रा करेंगे और वाहन से ग्रामीण इलाकों में यात्रा करेंगे। पदयात्रा के दौरान दस प्रमुख रैलियों की योजना बनाई गई है और वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं सहित एक केंद्रीय मंत्री इनमें से प्रत्येक रैली को संबोधित करेंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने कहा कि यात्रा के दौरान नियोजित 10 प्रमुख रैलियों में से प्रत्येक को कम से कम एक केंद्रीय मंत्री संबोधित करेंगे। “यात्रा का दूसरा भाग इस भावना का आह्वान करेगा कि यह भूमि और यह लोग हमारे हैं और हमारे पास भारतीय संस्कृति के साथ एक बहुत ही अनोखी तमिल भावना है। हम तमिल संस्कृति के प्रति शत्रु ताकतों को हमारे बहुमूल्य संसाधनों को लूटने की अनुमति नहीं देंगे… जब मोदी जी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापस आएंगे, तो तमिलनाडु को अधिक संख्या में सांसद देने होंगे… हम डीएमके के भ्रष्टाचार के बारे में बात करेंगे”

भाजपा नेता ने आगे कहा, यात्रा का लक्ष्य 1068 किलोमीटर पैदल और शेष क्षेत्र को वाहन से तय करना है। “राज्य में सत्ता विरोधी लहर है। लोग बहुत स्पष्ट हैं, वे डीएमके या किसी भी पार्टी को नहीं चाहते जिसे डीएमके समर्थन दे रही हो।”

SHARE
Vipin Srivastava
Vipin Srivastava
journalist, writer @jankibaat1

Must Read

Latest