‘पहले चरण में बीजेपी को मिल रही 110 से अधिक सीटें’, कोलकाता की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले गृह मंत्री अमित शाह

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के अगले दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है और पहले चरण में ही भाजपा 110 सीटें जीत लेगी। बता दें कि पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हुआ। अमित शाह ने असम और ओडिशा में भाजपा के शासन के अलावा पश्चिम बंगाल में पार्टी की संभावनाओं पर कहा कि पांच मई के बाद ‘अंग, बंग और कलिंग’ में सरकारें होंगी।

गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि बंगाल की जनता ने विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए, बदलाव के लिए पूरे उत्साह से मतदान किया। उन्होंने कहा कि बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जिन 152 सीट पर मतदान हुआ, उनमें से भाजपा को 110 से अधिक सीट मिलेंगी।

अमित शाह ने कहा, “बंगाल चुनाव के पहले चरण में किसी की भी जान नहीं गई और यह सुनिश्चित करने के लिए मैं निर्वाचन आयोग और सुरक्षा बलों को धन्यवाद देता हूं। तृणमूल कांग्रेस का सत्ता से बाहर जाना तय है, भाजपा बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।”

Must Read

Latest