बंगाल की महिलाओं के साथ ममता बनर्जी और टीएमसी ने विश्वासघात किया- बांकुरा में बोले पीएम मोदी

लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक से जुड़ा संशोधन पास नहीं हो पाया। इसके बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष पर हमलावर है। पीएम मोदी ने संशोधन के न पास होने के लिए मुख्य तौर पर कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बंगाल के बांकुरा में बड़ी जनसभा थी और उसमें उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधा।

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकार वाले विधेयक को विपक्ष ने गिरा दिया। पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े संशोधन को गिराना टीएमसी और कांग्रेस की सोची समझी चाल है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की महिलाओं के साथ टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विश्वासघात किया है। पीएम मोदी ने बंगाल की ममता सरकार को निर्मम बताया और कहा कि यहां पर जो जनसमर्थन दिख रहा है, वह सरकार के खिलाफ गुस्से का संकेत है।

महिला आरक्षण का जिक्र कर पीएम मोदी ने कहा महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की लंबे समय से मांग थी, जिसे सरकार ने पूरा किया लेकिन टीएमसी और कांग्रेस नहीं चाहती कि महिलाएं अधिक संख्या में विधायक और सांसद बने क्योंकि यहां पर महिलाएं उनके जंगलराज को चुनौती दे रही हैं।

पीएम मोदी ने बंगाल में महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगर यहां पर बीजेपी की सरकार बनी तो महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा और अगर परिवार में किसी को किडनी की बीमारी है तो उन्हें मुफ्त डायलिसिस मिलेगा और एक भी रुपये का खर्च नहीं आएगा। पीएम मोदी ने आगे कहा कि बंगाल की बहनों को हर साल 36 हजार रुपये मिलेंगे और गर्भवती महिलाओं को 21 हजार और बेटियों की पढ़ाई के लिए 5 हजार रुपये मिलेंगे।

Must Read

Latest