भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने अपना 35वां जन्मदिन मयूर विहार के प्रसिद्ध गुरुवायुर मंदिर में श्रम सेवा कर मनाया। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में सेवा कार्यों में भाग लिया और भगवान के दर्शन कर देश की समृद्धि, विकास और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
प्रदीप भंडारी ने पारंपरिक तरीके से जन्मदिन मनाने के बजाय सेवा और आध्यात्मिकता का मार्ग चुनते हुए गुरुवायुर मंदिर में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सेवा भाव के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।
प्रदीप भंडारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे। उन्होंने देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और विश्व पटल पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के लिए भी प्रार्थना की।
गौरतलब है कि गुरुवायुर मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है और यहां श्रद्धालु सेवा और भक्ति के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट करते हैं।
