राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए… बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कि राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर लगातार नकारात्मक भविष्यवाणियां कीं, लेकिन ताजा आर्थिक आंकड़े यह साबित करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है।

प्रदीप भंडारी ने कहा कि देश के विनिर्माण क्षेत्र में 5.5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि पूंजीगत उत्पादन में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि राजकोषीय घाटा और चालू खाता घाटा दोनों नियंत्रण में हैं और भारत का बाजार पूंजीकरण 5 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर चुका है। इसके अलावा, नवीकरणीय और गैर-नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है।

प्रदीप भंडारी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी की भविष्यवाणियां गलत साबित हुई हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी राहुल गांधी ने देश में आर्थिक अराजकता की आशंका जताई थी, लेकिन भारत उस चुनौती से उभरकर दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ। इसी तरह, वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच भी भारत सबसे तेजी से बढ़ती ऊर्जा अर्थव्यवस्था के रूप में सामने आया है। प्रदीप भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में किए गए संरचनात्मक सुधारों के कारण 20 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है और देश ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी राहुल गांधी अराजकता की कल्पना करते हैं, तब देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ी होती है और आर्थिक प्रदर्शन, स्थिरता तथा सुरक्षा के माध्यम से उन्हें जवाब देती है।

SIR को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश द्वारा लिखे गए पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्वयं इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने ही राज्य में एसआईआर प्रक्रिया की शुरुआत की थी और उसके प्रमुख समर्थकों में शामिल रहे हैं। प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी हर चुनाव के दौरान गांधी-वाड्रा परिवार की लगातार चुनावी पराजयों को छिपाने के लिए नए-नए बहाने तलाशती है। उन्होंने कहा कि कभी ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं, कभी वोट चोरी के आरोप लगाए जाते हैं और कभी एसआईआर जैसे मुद्दों को उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जाती है।

Must Read

Latest