पीएम मोदी ने शनिवार को गुजरात के साणंद में CG Semi के आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) प्लांट का उद्घाटन किया। इसी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने पुराने दिनों के इस अधूरे सपने को याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि लगभग दो दशक पहले उन्होंने राज्य में एक सेमीकंडक्टर प्लांट स्थापित करने की पूरी योजना तैयार कर ली थी। लेकिन तत्कालीन केंद्र सरकार के असहयोग के कारण वह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका।
पुरानी योजना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “20 साल पहले, शायद उससे भी पहले, मैंने गुजरात में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने का पूरा प्लान तैयार किया था। मैंने गांधीनगर और प्रांतिज के पास 350 से 400 एकड़ जमीन भी तय कर ली थी और कुछ कंपनियों से बातचीत भी हो चुकी थी। उस समय भारत सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही थी, जिससे कंपनियां बातचीत के लिए आती थीं। लेकिन न जाने क्यों, तत्कालीन केंद्र सरकार के पैर जैसे बेड़ियों में जकड़े हुए थे और मामला आगे नहीं बढ़ सका।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि जब मैं उस समय इस विषय पर बात करता था, तो मीडिया मेरा मजाक उड़ाता था। तब यह नहीं हो सका, लेकिन आज इसे हकीकत बनते देख मुझे दिल से बेहद खुशी हो रही है।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि साणंद प्लांट में बनने वाली चिप्स का इस्तेमाल कारों, स्कूटरों और अन्य औद्योगिक उपकरणों में किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि यहां बनी चिप्स को जापान, अमेरिका और यूरोप जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक्सपोर्ट किया जाएगा, जिससे वैश्विक स्तर पर भारतीय तकनीक की पहचान बनेगी।
