Voice Of The People

संसद का मानसून सत्र: मणिपुर घटना को लेकर हंगामे के बीच दोनों सदन स्थगित

संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई। हंगामे के बीच चार मिनट बाद ही लोकसभा की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया।

मणिपुर मुद्दे पर हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही भी आज दोपहर 2:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। मणिपुर मुद्दे पर संसद में हंगामे पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा दोनों सदनों के अध्यक्ष जब भी निर्देश देंगे हम चर्चा के लिए तैयार हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आधिकारिक तौर पर लोकसभा के अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से कहा है कि हम चर्चा के लिए तैयार हैं। विपक्ष के लिए एक को छोड़कर नई मांग करना और चर्चा में बाधा डालना गलत है। महत्वपूर्ण विधेयक हैं और पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा संसद में व्यापक चर्चा करना चाहती है। विपक्ष सिर्फ एक गलत नरेटिव गढ़नेऔर संसद की कार्यवाही को बाधित करने की कोशिश कर रहा है।

लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘मणिपुर की घटना निश्चित रूप से बहुत गंभीर है और स्थिति को समझते हुए, पीएम ने खुद कहा है कि मणिपुर में जो हुआ उसने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। पीएम ने कहा है कि घटना पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम तो यही चाहते हैं। मैंने यह सर्वदलीय बैठक में कहा था और मैं इसे संसद में दोहराता हूं कि हम मणिपुर पर सदन में चर्चा चाहते हैं। लेकिन मैं देख रहा हूं कि कुछ राजनीतिक दल हैं जो अनावश्यक रूप से यहां ऐसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं ताकि मणिपुर पर चर्चा ही न हो सके। मैं स्पष्ट रूप से आरोप लगा रहा हूं कि यह विपक्ष मणिपुर पर उतना गंभीर नहीं है जितना उन्हें होना चाहिए।

लोकसभा में कांग्रेस सासंद मनीष तिवारी, मनिकम टैगोर और राज्यसभा में आप सासंद संजय सिंह और आरजेडी नेता मनोज कुमार झा सहित कई सांसदों ने नोटिस देकर मणिपुर हिंसा पर चर्चा करने की मांग रखी।

गुरुवार को मानसून सेशन के पहले दिन संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने मणिपुर घटना पर हंगामा शुरू कर दिया था। इसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही अगले दिन के लिए स्थगित कर दी गई थी।

SHARE
Chandan Kumar Pandey
Chandan Kumar Pandeyhttp://jankibaat.com
Chandan Pandey has 5 year+ experience in journalism field. Visit his twitter account @Realchandan21

Must Read

Latest