Voice Of The People

अमरोहा में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित कर सपा – कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- सपा के लोग रामभक्तों को पाखंडी कहते हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अमरोहा लोकसभा सीट के अंतर्गत गजरौला में चुनावी सभा को संबोधित किया। अमरोहा संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में हो रही इस जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। पीएम ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बना, तो सपा-कांग्रेस दोनों पार्टियों में प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया। ये लोग आए दिन राम मंदिर और सनातन आस्था को गालियां दे रहे हैं। अभी रामनवमी पर प्रभु रामलला का भव्य सूर्य तिलक हुआ है। आज जब पूरा देश राममय है, तब समाजवादी पार्टी के लोग रामभक्ति करने वालों को सार्वजनिक रूप से पाखंडी कहते हैं।

पीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि अब सभी को पक्का घर मिलेगा। यही मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि जब आप चुनाव प्रचार करने गांवों में जाएंगे वहां दो-चार लोग ऐसे मिल जाएंगे जिनको अभी घर और नल से जल योजना का लाभ नहीं मिला है। इसके अलावा कुछ लोगों को गैस कनेक्शन भी नहीं पहुंचा हो। अगर कोई छूट गया हो तो आप पूरे विश्वास के साथ कहना। तीसरी बार मोदी के आने के बाद जो बाकी काम रह गए वह भी पूरे हो जाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि अमरोहा में सिर्फ एक ही थाप, कमल की छाप सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में मोहम्मद शमी का जलवा सभी ने देखा है। भाजपा सरकार ने शमी को अर्जुन पुरस्कार दिया है। योगी सरकार स्थानीय युवाओं के लिए स्टेडियम तैयार करवा रही है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। भाजपा गांव और गरीब के बड़े लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। गठबंधन के चलते सबसे बड़ा नुकसान अमरोहा और पश्चिम जिलों को हुआ है।

SHARE

Must Read

Latest