प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार (4 मई) की शाम बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां जीत के जश्न में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा। जोरदार नारों और फूलों की बारिश के बीच उन्होंने पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन को माला पहनाकर टीम भावना का संदेश दिया। पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों में मजबूत प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी ने इसे ‘ऐतिहासिक दिन’ बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिल चुका है और यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और वर्षों की साधना का परिणाम है। पीएम ने इसे संविधान और लोकतंत्र की भी जीत बताया। उन्होंने कहा, “मैं चुनाव आयोग, मतदान प्रक्रिया में शामिल सभी भाइयों और बहनों और विशेष रूप से सुरक्षा बलों को हार्दिक बधाई देता हूं। भारतीय लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आपके योगदान को इतिहास सदा याद रखेगा।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे, तब मैंने आप सभी को इसी जगह से, बीजेपी मुख्यालय से, बताया था कि गंगा बिहार से आगे गंगासागर तक बहती है और आज बंगाल की जीत के साथ, कमल गंगोत्री से गंगासागर तक खिल उठा है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल। आज गंगा के किनारे बसे इन राज्यों में भाजपा और एनडीए सत्ता में हैं।
