पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनाने के तीन हफ्ते बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। आज सुबह 11 बजे से कोलकाता के नबन्ना में भाजपा के 35 विधायकों को राज्यपाल आरएन रवि ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस विस्तार से मंत्रिमंडल का आकार बढ़ गया, जिसमें अभी अधिकारी और 9 मई को शपथ लेने वाले उनके पांच कैबिनेट सहयोगी शामिल हैं। शुभेंदु कैबिनेट में अब 13 कैबिनेट मंत्री, 19 राज्य मंत्री और 3 स्वतंत्र प्रभार मंत्री हो गए हैं।
पश्चिम बंगाल में इस बार मंत्रिमंडल में क्षेत्र और अनुभव को ध्यान में रखते हुए संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। कैबिनेट में इस बार अनुभवी और युवा नेताओं को जगह दी गई। पूर्व राज्यसभा सांसद स्वप्नदास गुप्ता को भी मंत्री बनाया गया है। माना जा रहा है कि उन्हें बंगाल सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
इसके अलावा टीएमसी से बीजेपी में आए अर्जुन सिंह को भी मंत्री बनाया गया है। अर्जुन सिंह पहले ही बीजेपी में रह चुके हैं और उनकी छवि एक लड़ाकू नेता के तौर पर रही है। सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष को भी मंत्री बनाया गया है। कुल मिलाकर मंत्रिमंडल में अनुभवी, युवा और महिलाओं का मिश्रण रखा गया है। हर क्षेत्र से विधायकों को मंत्री बनाया गया है।
कैबिनेट विस्तार में व्यापक सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर जोर दिया गया है। मौजूदा मंत्रिमंडल में पहले से ही महिलाओं, आदिवासियों, मतुआ और राजबंशी समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता शामिल हैं।
