बीजेपी की यूपी टीम में नए चेहरों को मिल सकती है जगह, महिलाओं और युवाओं पर फोकस

उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी को लेकर बुधवार को दिल्ली में हुई अहम बैठक में केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के बीच सहमति बन गई। सूत्रों के अनुसार नई टीम को अंतिम रूप दे दिया गया है और जल्द ही कभी भी इसका औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बार संगठन में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

खासतौर पर कुछ महामंत्रियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के पदों पर नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश भाजपा की नई टीम को लेकर पिछले कई दिनों से लखनऊ और दिल्ली के बीच बैठकों का दौर जारी था। पिछले सप्ताह भी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी नई टीम को लेकर चर्चा के लिए दिल्ली पहुंचे थे।

मंगलवार शाम को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल दिल्ली रवाना हुए थे। बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तांवड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल के बीच नई कार्यकारिणी को लेकर करीब तीन घंटे तक मंथन चला।

भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रदेश संगठन में इस बार व्यापक फेरबदल देखने को मिल सकता है। कई बार से महामंत्री पद संभाल रहे नेताओं की जगह नए चेहरों को जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों पर भी गहन मंथन हुआ। सूत्रों का कहना है कि कुछ क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों पर सहमति बन चुकी है और उनका ऐलान नई टीम के साथ किया जा सकता है। हालांकि कुछ नामों पर अभी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा संगठन में होने वाले ये बदलाव 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति का हिस्सा हैं। पार्टी संगठन को अधिक सक्रिय और संतुलित बनाने के लिए नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। प्रदेश स्तर पर जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Must Read

Latest