गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में करोड़ों की परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज अहमदाबाद में 405 करोड़ रुपये की लागत वाली नगर निगम की कई विकास परियोजनाओं का लोकापर्ण और शिलान्‍यास किया। इस अवसर पर श्री शाह ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत विशाल पौधारोपण अभियान का शुभारंभ भी किया। इस अभियान के तहत आज उनके लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में एक करोड़ 25 लाख से ज़्यादा पौधे लगाए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने 2029 के चुनाव तक निर्वाचन क्षेत्रों में पौधे लगाने की गति‍विधि को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने की दीर्घकालि‍क पर्यावर‍णीय रूपरेखा का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने नागरिकों से सोलर रूफटॉप अपनाने का आग्रह किया। गृह मंत्री ने कहा कि बरगद, पीपल, जम्‍बू और अर्जुन जैसी स्‍वदेशी प्रजातियों के पौधे शहर के तापमान को पांच प्रतिशत तक कम करने में मददगार होंगे। ये पौधे भविष्‍य की पीढि़यों के लिए ओजोन परत को सशक्‍त बनाने तथा जीवन के अनुकूल पर्यावरण सुनिश्चित करने में सहायक होंगे।

पर्यावरण को मजबूत बनाने के हिस्‍से के रूप में ऑक्‍सीजन के एक सौ एक नए पार्कों का उद्घाटन किया गया तथा उनकी जानकारी को शामिल करते हुए एक समर्पित ई-बुक जारी की गई।

गृह मंत्री कल 11वीं इंटरपोल डिजिटल फॉरेंसिक विशेषज्ञ समूह की बैठक का उद्घाटन करेंगे। वे गांधी नगर में राष्‍ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्‍वविद्यालय में पहली अंतरराष्‍ट्रीय जांचकर्ता अपराध प्रतिस्‍पर्धा का भी उद्घाटन करेंगे।

Must Read

Latest