केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में हो रहे गतिरोध को लेकर जवाब दिया है। अमित शाह ने बुधवार को कहा कि सरकार हर मुद्दे पर तैयार है लेकिन विपक्ष सदन को चलने दे। आज 3 बजे से चर्चा शुरू करें। मैं सदन में बैठूंगा, सुनूंगा और कल 3 बजे सबको जवाब दू्ंगा। अमित शाह का बयान ऐसे समय में आया है जब विपक्ष लगातार राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर पर पुलिस एक्शन को लेकर संसद में अमित शाह के बयान पर अड़ा था।
संसद परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए विपक्ष की मांगों पर पलटवार किया है।अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही NEET मुद्दे पर चर्चा की बात कह चुके थे।
अमित शाह ने कहा, “अब फैसला विपक्ष को करना है चर्चा करनी है या चर्चा से बचना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार हमेशा हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार रहती है। मैं सत्र की शुरुआत से ही नियमित रूप से संसद आ रहा हूं और अपने चैंबर में मौजूद हूं। अगर जरूरत पड़ी और स्पीकर अनुमति दें, तो सरकार गंभीर मुद्दों पर चर्चा के लिए प्रश्नकाल को भी स्थगित करने के लिए तैयार है। अब जनता को तय करने दीजिए कि कौन चर्चा से भाग रहा है। विपक्ष की जो शुरुआती मांग थी, सरकार उसे मानने को तैयार है। हम इस पर भी बात करेंगे कि विपक्ष अब तक सदन में चर्चा कराने से क्यों बच रहा था।”
