सोनिया गांधी ने वंदे मातरम रोकने का किया इशारा… बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

‘वंदे मातरम्’ पर सियासी घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर उठे विवाद पर बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि पार्टी के नेता देशभक्ति से जुड़े मुद्दे पर इस तरह की प्रतिक्रिया क्यों दे रहे हैं। प्रदीप भंडारी ने कहा कि जब कांग्रेस की रैलियों या समर्थकों की ओर से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए, तब पार्टी नेतृत्व की ओर से ऐसी बेचैनी या आक्रोश देखने को नहीं मिला। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके उलट ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिक्रिया बेहद अलग दिखाई दी।

प्रदीप भंडारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “जब देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, तब कांग्रेस हेडक्वार्टर्स में सोनिया गांधी हाथ से इशारा करती हैं कि रुक जाओ। वो इशारा करती हैं कि कांग्रेस हेडक्वार्टर्स में वंदे मातरम को रोका जाना चाहिए। जब नहीं रुकता है, तो दोबारा इशारा करती हैं कि इसे रोका जाना चाहिए। मैं पूछना चाहता हूं कि जब कांग्रेस के समर्थक पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते थे, तब इतनी विपत्ति, इतना आक्रोश इनकी लीडरशिप को करते नहीं देखा, लेकिन कांग्रेस हेडक्वार्टर्स में वंदे मातरम का उद्घोष हो रहा था तो सोनिया गांधी ऐसा व्यवहार कर रही थीं जैसे कोई अपराध हो गया। आजादी के दिन ‘वंदे मातरम’ का विरोध करने वाले राहुल गांधी और सोनिया गांधी का रवैया ‘दिमागी नक्सल’ सोच वाले इकोसिस्टम की मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस ने न केवल देश के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया, बल्कि संविधान, देश की संप्रभुता व अखंडता और देश की 140 करोड़ जनता का भी अपमान किया।”

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाया। प्रदीप भंडारी ने कहा, “सोनिया गांधी केवल नाराज या गुस्से में नहीं थीं, बल्कि उनकी प्रतिक्रिया ऐसी थी जैसे कोई अपराध हो गया हो। कांग्रेस नेतृत्व को देश और राष्ट्रवाद से जुड़े प्रतीकों के प्रति अपना रवैया स्पष्ट करना चाहिए।”

Must Read

Latest