Voice Of The People

जानिए कैसे पीएम मोदी ने पद्म पुरस्कारों की सूरत बदल दी; आज कैसे गुमनाम हस्ती भी पद्म पुरस्कारों से सम्मानित हो रहे हैं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में साल 2023 में पद्म पुरस्कार से सम्मानित लोगों में प्रथम चरण में 54 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित समारोह में तीन पद्म विभूषण, चार पद्म भूषण और सैंतालीस पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए।

छत्तीसगढ़ की पंडवानी गायिका ऊषा को पद्मश्री से नवाजा गया। उन्होंने सम्मान लेने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घुटनों के बल बैठकर प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति के पैर छूकर सम्मान ग्रहण किया। इस बीच बेहद सादगी भरी तस्वीर देखने को मिली जो आपका दिल जीत लेगी। दरअसल, जब आंध्रप्रदेश के प्रसिद्ध हरिकथा कलाकार श्री कोटा सच्चिदानंद शास्त्री पद्म श्री सम्मान लेने आए तो पीएम मोदी उनको देखकर खड़े हो गए और उनसे बातें भी कीं। इस दौरान कोटा सच्चिदानंद शास्त्री नंगे पैर आए थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एस एम कृष्णा को पद्म विभूषण प्रदान किया। एस एम कृष्णा कांग्रेस के नेतृत्व वाली मनमोहन सरकार में विदेश मंत्री थे और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर को भी पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। सुमन कल्याणपुर ने चार दशक लंबे करियर में हिन्दी, मराठी और 11 अन्य भाषाओं में गीत गाए हैं।

पद्म पुरस्कार सामाजिक कार्यों, कला, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, कारोबार एवं उद्योग, औषधि, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, लोक सेवा आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को दिया जाता है। नरेंद्र मोदी सरकार ने साल 2014 में सत्ता में आने के बाद समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गुमनाम हस्तियों को सम्मानित करने की पहल शुरू की थी।

इन्‍हीं में से एक हैं, श्रीमती हीरबाई इब्राहिमभाई लोबी. हीरबाई जब अवॉर्ड लेने के लिए राष्ट्रपति भवन में पहुंचीं, तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सिद्दी समुदाय के उत्थान और विकास के काम करने के लिए गुजरात की आदिवासी नेता हीरबाई इब्राहिम लोबी को बुधवार को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए बैगा चित्रकारी की जानी मानी कलाकार जोधया बाई बैगा, छत्तीसगढ़ की पंदवाली एवं पंथी कलाकार उषा बारले, केरल के जनजातीय किसान रमण चेरूवयाल को पद्म श्री प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित पद्म पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, विदश मंत्री एस. जयशंकर, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।

SHARE

Must Read

Latest