दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, UCC पर दिया बड़ा बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के सबसे महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 210 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की दूरी अब 6 घंटे से घटकर महज़ ढाई से तीन घंटे में तय की जा सकेगी। यह एक्सप्रेसवे न सिर्फ कनेक्टिविटी बल्कि प्रकृति संरक्षण और आधुनिक इंजीनियरिंग का भी शानदार उदाहरण है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में अपने संबोधन की शुरुआत देर से पहुंचने के लिए माफी मांगते हुए की। उन्होंने कहा कि वे समय पर ही रवाना हुए थे, लेकिन काली मंदिर से कार्यक्रम स्थल तक करीब 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान जनता का उत्साह और उमंग इतनी अधिक थी कि तेज गति से आगे बढ़ना संभव नहीं हो पाया।

प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं आप सभी से क्षमा चाहता हूं कि यहां पहुंचने में मुझे एक घंटे से ज्यादा की देरी हो गई। रास्ते में लोगों का जोश और स्नेह देखते हुए मैं धीरे‑धीरे आगे बढ़ता रहा और जनता का अभिवादन करता रहा। उत्तराखंड की जनता के स्नेह और समर्थन ने उन्हें नई ऊर्जा दी है। मैं आज उत्तराखंड से नई ऊर्जा और नई प्रेरणा लेकर जा रहा हूं। आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होना संविधान की अपेक्षा है और उत्तराखंड ने संविधान की इस भावना को आगे बढ़ाते हुए पूरे देश को मार्ग दिखाया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दशकों के इंतज़ार के बाद संसद ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित किया, जिसके तहत विधानसभाओं और लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कानून का सभी राजनीतिक दलों ने समर्थन किया है और अब इसके कार्यान्वयन में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा यह कानून अब लागू होना चाहिए और 2029 तक इसे लागू किया जाना चाहिए, यही देश की भावना है। यह देश की हर बहन और बेटी की इच्छा है।

Must Read

Latest