प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत दिल्ली के कर्तव्य पथ से लेकर उज्जैन के राम घाट और यमुना तट तक लाखों दीपों की रोशनी जगमगाई। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों तक ने दीप जलाकर पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भाजपा प्रमुख नितिन नवीन ने एक बड़े भक्ति कार्यक्रम के बीच शिप्रा नदी के तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ दीया जलाया। इस अवसर पर उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राम घाट पर लाखों दीये जलाए गए, जिससे नदी के तट पर उत्सव जैसा और आध्यात्मिक माहौल दिखाई दिया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भगवान राम की नगरी अयोध्या में आज दीपोत्सव जैसा नजारा नजर आया। बड़ी संख्या में आशीर्वाद का दीया अभियान के तहत दीप जलाए गए।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अहमदाबाद के कांकरिया लेक परिसर में आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। साथ ही दीया जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। लाल किले पर भी दीये जलाए गए, जहां भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल और भाजपा नेता सुनील बंसल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत यहां कर्तव्य पथ पर दीपक जलाए। अधिकारियों ने बताया कि कर्तव्य पथ लगभग 1.25 लाख मिट्टी के दीयों से जगमगा उठा।
