दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के नतीजे आ गए। एक बार फिर से छात्रों ने एबीवीपी पर भरोसा जताया है और कांग्रेस के छात्र संगठन को करारी हार मिली है। एबीवीपी ने चार में से तीन पदों पर जीत हासिल की। अध्यक्ष, सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर एबीवीपी ने जीत हासिल की, जबकि उपाध्यक्ष के पद पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई को सभी चारों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। इसी मुद्दे को लेकर समाचार चैनल एबीपी न्यूज पर डिबेट चल रही थी, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी भी मौजूद थे। दिल्ली के छात्र संघ चुनाव से एक बात साफ हो गई कि देश का Gen Z क्या चाहता है?
प्रदीप भंडारी ने बहस में कहा, “ये दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि सच की हुंकार जीती है। और ये राहुल गांधी के झूठ की गूंज की हार है। और ये सिर्फ दिल्ली की बात नहीं है, दिल्ली यूनिवर्सिटी में देश का छात्र आता है और ये देश के युवा और देश के Gen-Z का मूड दर्शाता है। इसके पहले चंडीगढ़, जो विपक्ष शासित राज्य है, उसके भी यूनिवर्सिटी के चुनाव जो है वो राष्ट्रवादी ताकतों की तरफ गए।”
प्रदीप भंडारी ने आगे कहा, “हैदराबाद के भी गए, बंगलौर के भी गए, तो ओवरऑल राहुल गांधी जितना पीआर करना चाहे, जितना फर्जी नैरेटिव फैलाना चाहे, देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकास, राष्ट्रवाद और विकसित भारत 2047 के साथ है। मैंने आपको पहले भी आपके शो पे कहा था, बार-बार देश का युवा हो या देश का कोई भी वर्ग हो, वो पोलिंग बूथ पे जाता है और राहुल गांधी को ये बताता है कि वो नेगेटिव पॉलिटिक्स में विश्वास नहीं रखता, वो पॉजिटिव पॉलिटिक्स में यकीन रखता है।”
प्रदीप भंडारी ने कहा कि एक बड़ी बात मैं आपसे कहूंगा कि जितना कोशिश कोई कर ले, कॉकरोच पे हिट ही लगती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी जो सोच रहे थे कॉकरोचों के बहाने वो कमरे में कब्जा करेंगे या देश पे कब्जा करेंगे, उनको याद रखना चाहिए कि प्रकृति का नियम है, कॉकरोच पे हिट देश का युवा मारता है। कॉकरोच और राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी और तमाम इन सबके ऊपर हिट देश के युवा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में किया है।
