Voice Of The People

छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को कांग्रेस ने बना रखा है ATM: पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला

गुरूवार को पीएम मोदी ने रायगढ़ में विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर बड़ा हमला किया, उन्होंने कहा कि पूरे देश में आजकल उत्सव का माहौल है। आज छत्तीसगढ़ में भी मैं यही भाव, यही उमंग, यही उत्साह और यही उत्सव देख रहा हूं। उत्सवों के इस मौसम में हर खुशी इस बार डबल हो गई है। इस बार भारत अपनी उपलब्धियों का उत्सव भी मना रहा है। कुछ ही दिन पहले हमारे वैज्ञानिकों ने भारत को चांद पर पहुंचा दिया। भारत का चंद्रयान वहां पहुंचा, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंच पाया।

इन सफलताओं के बीच भारत ने G20 शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन किया। सफल G20 हर देशवासी की तपस्या का परिणाम है। ये 140 करोड़ भारतीयों के परिश्रम का परिणाम है। एक समय था जब छत्तीसगढ़ की पहचान नक्सली हमलों और हिंसा से ही हुआ करती थी। भाजपा सरकार के प्रयासों के बाद आज छत्तीसगढ़ की पहचान यहां के विकास कार्यों की वजह से हो रही है। दिल्ली की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। लेकिन यहां जो कांग्रेस की सरकार है, वो विकास के काम में नहीं बल्कि सिर्फ हवा-हवाई बातों और दावों में जुटी रहती है। केंद्र की भाजपा सरकार बीते 9 वर्षों में देश भर के गरीब परिवारों को करीब 4 करोड़ घर दे चुकी है।

हम छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों को भी पीएम आवास योजना का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना चाहते थे। लेकिन कांग्रेस की सरकार यहां छत्तीसगढ़ के गरीबों के पक्के घर नहीं बनने दे रही है। कांग्रेस जिस तरह घोटालों की राजनीति करती है, उसमें सिर्फ उसके नेताओं की तिजोरी भरती है। गरीब कल्याण में भले ही पीछे हो, लेकिन भृष्टाचार में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार लगातार आगे बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को कांग्रेस के ATM के लिए उपयोग किया जा रहा है। झूठा प्रचार और आकंठ भ्रष्टाचार यही छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की पहचान है। मोदी ने आपको गारंटी दी थी कि देश के गरीब को सशक्त बनाऊंगा। आज आप इसके परिणाम देख रहे हैं। सिर्फ 5 वर्षों में ही 13.5 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर आए हैं। ये इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा सरकार ने गरीब के हित में योजनाएं बनाई। भाजपा ने गरीबों को गरीबी से लड़ने के साधन दिए।

सिकल सेल एनीमिया एक ऐसी बीमारी है, जो माता-पिता से बच्चों में जाती है। आदिवासी परिवारों के लिए ये बहुत बड़ी चुनौती रही है। इसलिए भाजपा सरकार ने पहली बार इससे मुक्ति के लिए एक राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है। भारत का श्री अन्न विश्व की पोषण और पौष्टिक सुरक्षा का ब्रांड बने, ये मोदी का मिशन है। हमारे आदिवासी बहन-भाई जंगल से जो उत्पाद इकट्ठा करते हैं, ऐसे उत्पादों के बेहतर दाम देने के लिए भी भाजपा प्रतिबद्ध है। बीते 9 वर्षों में दर्जनों वन उपजों को समर्थन मूल्य के दायरे में लाया गया है। जो सैकड़ों वन-धन केंद्र बनाए गए हैं, उनसे भी इन वन उत्पादों की अधिक कीमत मिलनी तय हुई है। जिन लोगों को आप सभी ने पिछले 9 साल से केंद्र सरकार से बाहर कर रखा है, जो लोग लगातार चुनाव हार रहे हैं। वो लोग अब आपसे इतनी नफरत करने लगे हैं कि उन्होंने आपकी पहचान और संस्कृति के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। इन लोगों ने मिलकर एक I.N.D.I गठबंधन बनाया है, कुछ लोग इसे घमंडिया गठबंधन भी कहते हैं। अब इस I.N.D.I गठबंधन ने तय किया है कि वो भारत की सनातन संस्कृति को समाप्त करके रहेगा।

SHARE
Vipin Srivastava
Vipin Srivastava
journalist, writer @jankibaat1

Must Read

Latest