पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ति पर ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो भी शुरू हुआ। शो का उद्घाटन गृह मंत्री अमित शाह ने किया। इस बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार के तमाम मंत्री भी मौजूद थे। इस दौरान अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के बीच जो ट्यूनिंग देखने को मिली, जो पर्सनल केमिस्ट्री दिखाई दी। दोनों नेताओं ने एक साथ गोल्फ कार्ट में बैठकर ट्रेड शो को देखा।
सीएम योगी ने ट्रेड शो में लगे यूपी के प्रोडक्ट्स के स्टॉल्स पर अमित शाह को घुमाया। एक एक प्रोडक्ट के बारे में डिटेल में जानकारी दी। बताया कि अब यूपी की ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ की योजना असर दिखा रही है। दो लाख करोड़ का निर्यात यूपी से हो रहा है। अमित शाह ने ट्रेड शो में आए इंटरनेशनल बायर्स को संबोधित किया। उन्होंने सीएम योगी की खुले मन से तारीफ की। अमित शाह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ स्टेप बाय स्टेप आगे बढ़ रहे हैं। खूब मेहनत कर रहे हैं। सीएम योगी ने यूपी की इमेज को इंटरनेशनल लेवल पर चमका दिया है। अब वो दिन दूर नहीं है जब यूपी एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बन जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि यूपी में बदलाव आसान नहीं था लेकिन योगी ने अपनी दृढ़ संकल्प शक्ति से सारी चुनौतियों को पार किया। वरना एक वक्त था जब इन्वेस्टर यूपी के बॉर्डर तक भी आने में डरते थे। उन्होंने कहा, “यूपी की सरकार को इन्वेस्टर्स से बात करने के लिए दिल्ली जाना पड़ता था लेकिन योगी आदित्यनाथ ने पूरा एनवायरमेंट चेंज कर दिया है। यूपी से माफिया को नेस्तनाबूद कर दिया है। अपराधियों के खिलाफ एक्शन लेकर आम लोगों में सरकार और कानून के प्रति भरोसा पैदा किया। इसीलिए अब पूरी दुनिया से इन्वेस्टर्स यूपी में आ रहे हैं।”
अमित शाह ने आगे कहा, “आज कुछ लोग इकोनॉमी को लेकर सवाल खड़े करते हैं। इन्वेस्टर्स को डराने की कोशिश करते हैं। ऐसे विकास विरोधियों को दुनिया की तमाम एजेंसियों की रेटिंग देखनी चाहिए। 2017 से पहले यूपी का क्या हाल था और अब कैसा माहौल है। ये देखना चाहिए। जो लोग आज योगी जी से सवाल पूछते हैं। उनके राज में यूपी के अंदर कारखानों की जगह क्राइम इंडस्ट्री चलती थी। नौजवान कट्टा लेकर घूमते थे। यूपी चेन स्नैचिंग का हब था लेकिन अब योगी ने सब बदल दिया है। अब यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। AK-47 बन रही है। यूपी देश की ग्रोथ का इंजन बन गया है। इसके लिए सीएम योगी बधाई के पात्र हैं।”
