राज्य के विकास से ही देश के विकास का मंत्र लेकर आगे बढ़ा हूं- चेन्नई में बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने चेन्नई में मेट्रो, हाईवे, रेलवे, पोर्ट्स, पेट्रोलियम और शिक्षा सेक्टर से जुड़े परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने तमिलनाडु के लोगों को बधाई भी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम एक ऐसा तमिलनाडु बनाना चाहते हैं, जो निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचता जाए और इसके लिए केंद्र से जो भी मदद चाहिए होगी, हम उसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आपके साथ खड़े हैं। हम मिलकर विकसित तमिलनाडु से विकसित भारत का संकल्प साकार करें।

पीएम मोदी ने कहा, “कुछ दिन पहले ही आप सभी के आशीर्वाद से और देशवासियों के प्रेम के कारण सरकार के प्रमुख रूप में मैंने 25 सालों का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है। अक्टूबर 2001 में मैंने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और तब से देशवासियों ने पहले सीएम और फिर पीएम के रूप में सेवा करने का अवसर दिया है। 25 सालों के इस कालखंड में लोकतंत्र की दो शक्तियों में मेरा विश्वास मजबूत हुआ है, इसमें पहली देश की जनता है और दूसरा कॉपरेटिव फेडरेलिज्म। मैं हमेशा राज्य के विकास से देश के विकास का मंत्र लेकर चला। मुख्यमंत्री के रूप में मैंने राज्यों की आकांक्षाओं को समझा। इसलिए प्रधानमंत्री बनने के बाद मैंने न सिर्फ उन आकांक्षाओं को पूरा करने की कोशिश की, बल्कि यह भी प्रयास किया कि राज्य अपने आकांक्षाओं और लक्ष्यों को पूरा कर सके।”

पीएम मोदी ने कहा, “यह दिन तमिलनाडु के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। आज का कार्यक्रम 13 हजार करोड़ रुपये लागत वाले विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़ा है। हम आज कई पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करने वाले हैं और कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास करने वाले हैं। इस परियोजनाओं में से कुछ रोजाना के सफर को आसान बनाएंगी, जबकि अन्य परियोजनाएं इंडस्ट्री और ट्रेड को बढ़ावा देंगी और यह सभी एक मिलकर पूरे तमिलनाडु के युवाओं के लिए नौकरियों का निर्माण करेंगे। मैं इस मौके पर राज्य के लिए सभी लोगों को बधाई देता हूं।”

पीएम मोदी ने कहा कि मंदिर से मेट्रो तक तमिलनाडु के ये अनुभव, यही आज के भारत की स्पिरिट है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक शक्ति से प्रेरणा लेता है, विज्ञान की प्रगति से आगे बढ़ता है और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए नए अवसरों का निर्माण कर रहा है। हमारी विरासत और हमारी भविष्य की आकांक्षाएं साथ-साथ आगे बढ़ रही है।

Must Read

Latest